रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई — बोईरदादर में देह व्यापार का भंडाफोड़, आरोपी गिरफ्तार

Incollage 20260208 1249000234475800338500752863


रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई: बोईरदादर में देह व्यापार का भंडाफोड़, आरोपी गिरफ्तार


रायगढ़, 8 फरवरी 2026।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के स्पष्ट निर्देशन में रायगढ़ पुलिस ने अनैतिक देह व्यापार के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। चक्रधरनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत बोईरदादर में की गई इस छापेमारी में पुलिस ने देह व्यापार संचालित करने वाले आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।


सूचना के आधार पर रची गई रणनीति
पुलिस को विश्वसनीय सूत्रों से सूचना प्राप्त हुई थी कि नारायण वैष्णव (उम्र 55 वर्ष, निवासी बोईरदादर) अपने निजी मकान में महिलाओं को बुलाकर अनैतिक देह व्यापार का संचालन कर रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पहले इसकी गोपनीय पुष्टि की।


योजना के तहत एक पुलिस अधिकारी को फर्जी ग्राहक बनाकर आरोपी के पास भेजा गया। जैसे ही अवैध गतिविधि की पुष्टि हुई, पहले से तैयार संयुक्त पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर दबिश दी।

Image Editor Output Image508933769 17705617310145196564967391048778


रेड कार्रवाई में आरोपी धराया
छापेमारी के दौरान आरोपी नारायण वैष्णव को मौके से गिरफ्तार किया गया, वहीं एक संदिग्ध महिला भी पुलिस के हत्थे चढ़ी। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से:
₹2,000 नगद
2 मोबाइल फोन (एक ओप्पो और एक रेडमी कंपनी का)
आपत्तिजनक सामग्री
को जब्त किया गया है।


कानूनी कार्रवाई
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना चक्रधरनगर में अपराध क्रमांक 39/2026 दर्ज करते हुए
अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम की धारा 3, 4, 5 एवं 7 के तहत मामला पंजीबद्ध किया है। आरोपी को न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई के लिए प्रस्तुत किया जा रहा है।

Image Editor Output Image508933769 17705616955809094266460148463588


एसएसपी का कड़ा संदेश
इस कार्रवाई को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट शब्दों में कहा—
“रायगढ़ जिले में अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री, जुआ-सट्टा, कबाड़ और देह व्यापार जैसी सामाजिक बुराइयों के लिए कोई स्थान नहीं है। ऐसे अवैध गतिविधियों में लिप्त लोग स्वयं सुधर जाएँ, अन्यथा पुलिस कठोरतम कार्रवाई करेगी।”


संयुक्त टीम की अहम भूमिका
इस सफल कार्रवाई में विभिन्न इकाइयों की संयुक्त भागीदारी रही, जिनमें शामिल थे—
प्रभारी थाना चक्रधरनगर: उप निरीक्षक जी.एल. साहू
सहायक उप निरीक्षक: आशिक रात्रे
आरक्षक: चंद्र कुमार बंजारे, शांति मिरी
साइबर थाना टीम: प्रधान आरक्षक राजेश पटेल, नवीन शुक्ला
महिला थाना: आरक्षिकाएं मालती पैंकरा, इंदुलता एक्का, एलीसा क टोप्पो


जिले में अपराध के खिलाफ अभियान तेज
पुलिस प्रशासन का कहना है कि जिले में सामाजिक अपराधों के खिलाफ लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है और आगे भी इस तरह की अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों पर सख्त निगरानी रखी जाएगी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *