
बिलासपुर में अस्थि चोरी का सनसनीखेज मामला: प्रेम, मोहब्बत या किसी और मंशा की कहानी?
बिलासपुर से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने रिश्तों, संवेदनाओं और नैतिकता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मुक्तिधाम से मृतक की अस्थियां चोरी होने की घटना न केवल चौंकाने वाली है, बल्कि यह सोचने पर भी मजबूर करती है कि क्या यह सचमुच प्रेम का मामला है, या फिर इसके पीछे कोई और उद्देश्य छिपा है।
क्या है पूरा मामला?
यह घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के भारतीय नगर की है। पेशे से ठेकेदार रहे आलोक ठाकरे का हाल ही में निधन हो गया था। परिजनों ने पूरे विधि-विधान के साथ भारतीय नगर स्थित मुक्तिधाम में उनका अंतिम संस्कार किया। लेकिन जब परिवार अस्थि विसर्जन के लिए मुक्तिधाम पहुंचा, तो वहां से अस्थियां गायब मिलीं।
परिवार के लिए यह किसी सदमे से कम नहीं था। खोजबीन के दौरान जब मुक्तिधाम में लगे CCTV कैमरों की जांच की गई, तो फुटेज में दो महिलाएं अस्थियों को उठाकर ले जाती दिखाई दीं। इसके बाद परिजन अस्थि की खाली मटकी लेकर सीधे थाने पहुंचे और लिखित शिकायत दर्ज कराई।
परिजनों का आरोप: पत्नी पर गंभीर संदेह
परिजनों ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि मृतक आलोक ठाकरे की पत्नी खुशबू, अपनी ननद ज्योति के साथ मिलकर अस्थियां ले गई है। आरोप है कि खुशबू पिछले दो वर्षों से अपने पति आलोक को छोड़कर अलग रह रही थी। इस दौरान न तो उसका पति से कोई संपर्क था और न ही बच्चों व परिवार से।
बताया जाता है कि पत्नी को वापस लाने के लिए आलोक ने हाईकोर्ट में बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका तक दायर की थी, लेकिन इसके बावजूद पत्नी का कोई पता नहीं चला। लंबे समय तक चले मानसिक तनाव और बीमारी के बाद आलोक की मौत हो गई। अंतिम संस्कार और क्रियाकर्म बच्चों के हाथों से किया गया।
मौत के बाद अचानक लौट आई पत्नी
मामले में सबसे बड़ा सवाल यही है कि जो पत्नी दो साल तक पति से दूर रही, वह पति की मृत्यु के बाद अचानक कैसे और क्यों लौट आई? अंतिम संस्कार के बाद खुशबू के घर पहुंचने पर मोहल्लेवासियों और परिवार के साथ उसका विवाद भी हुआ। आरोप है कि इसी विवाद के बाद वह अपनी ननद के साथ मुक्तिधाम पहुंची और अस्थियां थैले में भरकर ले गई।
परिजनों ने CCTV फुटेज को सबूत के तौर पर पुलिस को सौंपते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पत्नी का पक्ष और नया मोड़
इधर पत्नी खुशबू ने भी थाने में आवेदन देकर बच्चों को अपने साथ ले जाने की मांग की है। इससे मामला और उलझ गया है। एक तरफ अस्थि चोरी जैसे गंभीर आरोप, तो दूसरी तरफ बच्चों की कस्टडी का सवाल—पूरा मामला अब संवेदनशील और कानूनी दोनों ही स्तरों पर पहुंच चुका है।
प्रेम या स्वार्थ? उठते सवाल
यह पूरा घटनाक्रम समाज के सामने एक बड़ा प्रश्न छोड़ जाता है—
क्या यह सचमुच पति के प्रति प्रेम और मोहब्बत है?
या फिर मौत के बाद उपजा कोई भावनात्मक या कानूनी स्वार्थ?
जब पति जीवित था, तब दो वर्षों तक साथ नहीं निभाया गया। तब न परिवार की याद आई, न बच्चों की। लेकिन मृत्यु के बाद अचानक प्रेम उमड़ पड़ा—तो यह कैसा प्रेम है? क्या यह पछतावा है, या फिर किसी अधिकार, संपत्ति या सामाजिक दबाव से जुड़ी मंशा?
जांच जारी, सच आना बाकी
फिलहाल पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है। CCTV फुटेज, शिकायत और दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। सच्चाई क्या है, यह जांच के बाद ही सामने आएगा।
लेकिन इतना तय है कि यह मामला केवल अस्थि चोरी का नहीं, बल्कि रिश्तों की सच्चाई, टूटते भरोसे और बदलते मूल्यों का आईना बन चुका है।

Anil Kumar Bhatt
Editor in Chief
