
कोरबा: कटघोरा थाना क्षेत्र में भाजपा नेता अक्षय गर्ग हत्याकांड का पुलिस ने किया खुलासा, चार आरोपी हिरासत में
कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र में हुए भाजपा नेता अक्षय गर्ग की दिनदहाड़े हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में इस जघन्य हत्याकांड में चार आरोपियों की संलिप्तता सामने आई है, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है। पुलिस के अनुसार इस पूरे हत्याकांड की साजिश मुस्ताक अहमद ने रची थी।

घटना 23 दिसंबर की है, जब ग्राम पंचायत केशलपुर में पूर्व जनपद उपाध्यक्ष एवं भाजपा नेता अक्षय गर्ग पर कुल्हाड़ी और चाकू से हमला किया गया। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ 8 से 10 वार किए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया और सनसनी फैल गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल के आसपास महत्वपूर्ण सुराग मिले। पुलिस ने वहां एक अर्बन क्रूजर कार को देखा, जिसे बाद में जब्त किया गया। कार के आधार पर जब आरोपियों से पूछताछ की गई तो कई अहम जानकारियां सामने आईं।
पूछताछ में पुलिस को पता चला कि आरोपी विश्वजीत ओगरे ने कुल्हाड़ी से हमला किया था, जबकि मुस्ताक अहमद ने चाकू से वार किए। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी और चाकू दोनों को बरामद कर लिया है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों की भूमिका स्पष्ट होती जा रही है और मामले की कड़ियां एक-दूसरे से जुड़ती जा रही हैं।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह चुनावी और व्यवसायिक रंजिश बताई गई है। बताया गया कि जनपद पंचायत बिझरा के चुनाव में हार के बाद अक्षय गर्ग और आरोपियों के बीच प्रतिद्वंद्विता और विवाद गहरा गया था।
करीब एक साल पहले दोनों पक्षों के बीच विवाद और मारपीट की घटना भी हुई थी। उसी समय से बदले की भावना पनप रही थी, जो अंततः इस हत्या में बदल गई।
फिलहाल पुलिस ने चारों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और उनसे गहन पूछताछ की जा रही है। नाबालिग आरोपी के मामले में किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आगे की जांच में और भी महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है।
इस हत्याकांड ने न सिर्फ राजनीतिक गलियारों में बल्कि पूरे जिले में चिंता और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है। पुलिस का दावा है कि मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की जा रही है ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके और अपराधियों को सख्त सजा दिलाई जा सके।

Anil Kumar Bhatt
Editor in Chief
