तिल्दा-नेवरा थाना क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में व्यक्ति की हत्या, पेट में चाकू मारकर हत्या किए जाने की आशंका

Image Editor Output Image 482102711 17660574873893438221131684791938

नेवरा थाना क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में व्यक्ति की हत्या, पेट में चाकू मारकर किए जाने की आशंका

नेवरा थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। बुधवार देर रात हुई इस वारदात की जानकारी गुरुवार सुबह तब सामने आई, जब स्थानीय लोगों ने एक गली में खून से लथपथ शव पड़ा देखा। इसके बाद तत्काल नेवरा पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही नेवरा थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए रायपुर से फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मर्ग कायम कर विवेचना प्रारंभ कर दी है।



मृतक की पहचान ललित यादव, पिता संतोष यादव, उम्र 42 वर्ष, निवासी नेवरा के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार मृतक कॉलेज मार्ग स्थित बीएनबी स्कूल, दशहरा मैदान के सामने एक किराए के मकान में रहता था। स्थानीय लोगों ने बताया कि ललित यादव शराब पीने का आदी था और बुधवार की देर शाम उसे मोहल्ले में घूमते हुए देखा गया था।

प्रारंभिक तौर पर जब शव देखा गया तो ठंड के कारण शरीर अकड़ने से मौत की आशंका जताई जा रही थी, लेकिन पुलिस द्वारा बारीकी से जांच करने पर मामला संदिग्ध प्रतीत हुआ। शव के निरीक्षण के दौरान मृतक के शरीर पर चोट के कई निशान पाए गए। विशेष रूप से पेट के पास किसी नुकीली वस्तु, संभवतः चाकू, से किए गए वार का स्पष्ट निशान मिला है, जिससे हत्या की आशंका और मजबूत हो गई है।

स्थानीय लोगों के अनुसार अनुमान लगाया जा रहा है कि बुधवार रात दशहरा मैदान की ओर किसी बात को लेकर मृतक का विवाद या झगड़ा हुआ होगा। इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि घायल अवस्था में ललित यादव जान बचाने के लिए भागते हुए पास की गली में घुसा, जहां एक स्थान पर खून के निशान भी मिले हैं। कुछ दूरी पर रेत के ढेर के पास गुरुवार सुबह उसका शव बरामद हुआ।

पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटनास्थल के साथ-साथ आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल हत्या का मामला मानकर जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।

इस घटना के बाद से क्षेत्र में भय का माहौल है और लोग पुलिस से जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *